सिरसा, 19 जुलाई।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में ‘भांगड़ा दी बीट, ड्रग फ्री स्ट्रीट’ थीम पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं शहरवासियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर सीएमजीजीए पुरू रोहिल्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड़, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, माई भारत संगठन से धनपत सिंह, अंग्रेज सिंह, रमनदीप सिहं, हरभजन सिंह, बलविंद्र सिंह, राहुल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान भांगड़ा, संगीत एवं जनसहभागिता के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया गया। उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान तभी सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जनजागरूकता में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व परिवार के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों पर जागरूक करें। उन्होंने कहा कि समाज, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। सभी को मिलकर इस जनअभियान को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
सीएमजीजीए पुरु रोहिल्ला ने कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों पर जागरूक करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं सदस्य सचिव, नशा मुक्त भारत अभियान सत्यवान ढिलोड़ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संगीत, सांस्कृतिक गतिविधियों और जनसहभागिता के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश समाज तक पहुंचाया जा सकता है तथा इस दिशा में सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
भांगड़ा दी बीट, ड्रग फ्री स्ट्रीट’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के खिलाफ किया जागरूक









