×
Chaupal Tv
Latest Update

अखिल भारतीय अग्रवाल महिला समिति ने श्री सत्यनारायण शिव मंदिर में कराया भव्य धार्मिक आयोजन

हिसार। अखिल भारतीय अग्रवाल महिला समिति के तत्वावधान में नई अनाज मंडी स्थित श्री सत्यनारायण शिव मंदिर परिसर में भव्य एवं भक्तिमय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम समिति की प्रधान एकता गर्ग तथा जिला महामंत्री प्रेम अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के पवित्र रुद्राभिषेक से हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया तथा 108 बेलपत्र अर्पित किए। रुद्राभिषेक के दौरान हुए मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इसके उपरांत विशेष रूप से आमंत्रित राधा रानी कीर्तन मंडली की सुमन जी एवं उनकी टीम ने मधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने और नृत्य करने लगे। कीर्तन के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।
श्रद्धालुओं ने झांकियों के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। उत्कृष्ट एवं भक्तिपूर्ण प्रस्तुति के लिए अखिल भारतीय अग्रवाल महिला समिति की ओर से राधा रानी कीर्तन मंडली की टीम को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति की समर्पित टीम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मीनू सिंगला, रीटा गर्ग, कविता मित्तल, मंजू बंसल, अनामिका सिंगला, ममता केडिया, आशा, नेहा गर्ग, शिल्पा गुप्ता, कल्पना सहित समिति की अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।