झज्जर, 10 जून।
जिलाभर में 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जारी हैं। इसी कड़ी में डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 जून को आयोजित होने वाली योग मैराथन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का माध्यम है। योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शैड्यूल के अनुरूप योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलाभर में विभिन्न स्थानों पर योग अभ्यास प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुडक़र इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।
योग मैराथन का यह रहेगा रूट
डीसी ने कहा कि सोमवार 15 जून को सुबह साढ़े छह बजे आयोजित होने वाली योग मैराथन महर्षि दयानंद खेल स्टेडियम से शुरू होकर सिविल अस्पताल,पुरानी तहसील मोड, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अंबेडकर चौक,पुराना बस स्टैंड,छिकारा चौक से होते हुए पुन: महर्षि दयानंद खेल स्टेडियम में संपन्न होगी। योग मैराथन में आमजन, विद्यार्थी, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को मैराथन मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीसी जगनिवास, सीटीएम रितु सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
योग अभ्यास स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का माध्यम : डीसी









