हिसार, 21 जुलाई।
जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक मंगलवार को उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पशु कल्याण एवं संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।
उपायुक्त ने वित्त वर्ष 2026-27 के एसपीसीए के लेखा-जोखा एवं ऑडिट की समीक्षा की। उन्होंने समिति के कार्यों में पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपीसीए हिसार समिति के पुनर्गठन तथा नए सदस्यों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान श्री हरियाणा कुरुक्षेत्र गौशाला के गौ चिकित्सालय को एंबुलेंस, दवाओं इत्यादि के लिए आर्थिक अनुदान प्रदान करने के विषय पर चर्चा की गई। इसके साथ ही एसपीसीए का अलग कार्यालय स्थापित करने, जिले की गौशालाओं में पशुओं की वैक्सीनेशन, टैगिंग तथा गणना का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशु कल्याण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा गौशालाओं में पशुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि पशु क्रूरता की घटनाओं की रोकथाम तथा पशुओं के संरक्षण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि जिले में पशु कल्याण की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक मेंं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहें।
पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में पशु संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई समीक्षा









