रोहतक, 3 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि समाधान शिविरों में प्राप्त लंबित शिकायतों के निपटान में अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। वे आज लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में समाधान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें समाधान योग्य हैं, उनके निपटान में किसी प्रकार की देरी न की जाए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों से एक-एक कर लंबित शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें मांग-आधारित हैं, उनका भी पूर्ण विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि उन मांगों को पूरा करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जा सके।
इसके साथ ही उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समाधान शिविर पोर्टल की नियमित रूप से निगरानी करें और पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध निपटान करते हुए उनकी रिपोर्ट भी समय-समय पर अपडेट करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकित पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









