झज्जर, 09 जून।
जिला में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के इलाज में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री राहत कोष से संबंधित मामलों पर निर्णय लेने हेतु बैठक आयोजित की गई। डीसी ने मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत सहायता प्रदान करने तथा अन्य मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं चिकित्सा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बैठक के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष राज्य सरकार की एक संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज में सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों की समय पर पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उनके मामलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि पात्र मरीजों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहना पड़े। मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है और इस दिशा में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में सीटीएम रितु, नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री राहत कोष के आवेदनों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित









