×
Chaupal Tv
Haryana

प्रारंभिक मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए दो दिन का समय शेष, मतदाता बीएलओ को जमा कराएं अपना गणना प्रपत्र : उपायुक्त महेंद्र पाल

हिसार, 22 जुलाई।
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि जिले के मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। लगभग 88 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज एवं अपलोड किए जा चुके हैं। शेष मतदाताओं के पास गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए केवल दो दिन का समय बचा है।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराया गया है। मतदाता अथवा परिवार का कोई वयस्क सदस्य प्रपत्र भरकर उस पर हस्ताक्षर करने के बाद इसे बीएलओ को वापस जमा कराए। वहीं बीएलओ के हस्ताक्षर वाली दूसरी प्रति रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे। यदि किसी मतदाता का प्रपत्र निर्धारित समय तक जमा नहीं होता है तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता चाहें तो  voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करें और गणना प्रपत्र समय पर बीएलओ तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान के दौरान जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है, वे 31 जुलाई 2026 के बाद आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश समय पर गणना प्रपत्र जमा नहीं करा पाता है तो वह 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 के बीच आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना नाम पुन: मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।