×
Chaupal Tv
Haryana

सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट की सतह स्थापना के मात्र एक सप्ताह के भीतर ही कई स्थानों से उखड़ने लगी

दिनांक: 22 जुलाई, 2026

पंचकूला। हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने महावीर स्टेडियम, हिसार में हाल ही में निर्मित सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट की गुणवत्ता को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए हरियाणा सरकार के खेल विभाग से पूरे मामले की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

एसोसिएशन का कहना है कि खिलाड़ियों के लिए विकसित की जाने वाली खेल अधोसंरचना में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न केवल सार्वजनिक धन का दुरुपयोग है, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेलों के भविष्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के संज्ञान में यह तथ्य आया है कि महावीर स्टेडियम, हिसार में हाल ही में तैयार किए गए सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट की सतह स्थापना के मात्र एक सप्ताह के भीतर ही कई स्थानों से उखड़ने लगी है। इतनी कम अवधि में इस प्रकार की क्षति निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री तथा तकनीकी मानकों के पालन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

इसी संदर्भ में एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल तथा महासचिव एवं हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार द्वारा खेल विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से कोर्ट का तकनीकी निरीक्षण कराने का अनुरोध किया गया है। पत्र में कहा गया है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्य स्वीकृत तय मानकों के अनुरूप किया गया है या नहीं।

एसोसिएशन ने अपने पत्र में यह भी आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों, निर्माण एजेंसी अथवा ठेकेदार की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। साथ ही भारतीय बास्केटबॉल के हरियाणा के खेल संघ से कोर्ट की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का स्वतंत्र तकनीकी प्रमाणन प्राप्त किया जाए तथा निर्माण में प्रयुक्त सिंथेटिक सामग्री की गुणवत्ता, विनिर्देश एवं प्रमाण-पत्रों की भी विस्तृत जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की कमी, अनियमितता अथवा लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन का मानना है कि राज्य में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना का निर्माण तभी सार्थक होगा जब उसकी गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीकी मानकों से कोई समझौता न किया जाए। खिलाड़ियों को सुरक्षित, टिकाऊ एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार तथा संबंधित एजेंसियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की है कि हरियाणा सरकार इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगी, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों का विश्वास खेल अधोसंरचना की गुणवत्ता पर बना रहे तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।