×
Chaupal Tv
Haryana

संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकटोत्सव वर्ष पर संगोष्ठी का सफल आयोजन

हिसार, 19 जुलाई। सामाजिक समरसता गतिविधि, जिला हिसार द्वारा संत शिरोमणि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें प्रकटोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में उनके जीवन, सामाजिक समरसता एवं शिक्षाओं पर आधारित एक संगोष्ठी का आयोजन मिलेनियम पैलेस, हिसार में किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महन्त संत विजेन्द्र दास जी (विष्णुपुरी कुटिया, गुलाब दासी आश्रम, हांसी) ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन समता, मानवता, सामाजिक न्याय और भाईचारे का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में संत रविदास जी की शिक्षाएं समाज में सौहार्द और समरसता स्थापित करने के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

विशिष्ट अतिथि गोपी राम जी, प्रमुख समाजसेवी ने समाज में समानता, आपसी सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने युवाओं से संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता रविन्द्र किरकोले जी, अखिल भारतीय सह संयोजक, सामाजिक समरसता ने अपने उद्बोधन में संत रविदास जी के विचारों की वर्तमान समय में उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जाति, भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समरस समाज का निर्माण ही उनके जीवन का मूल संदेश है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों को समाज की प्रगति का आधार बताया।

संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने संत गुरु रविदास जी के जीवन-दर्शन, सामाजिक चेतना, समता, शिक्षा और मानव कल्याण संबंधी विचारों पर विस्तार से चर्चा की। उपस्थित जनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में जिला संघचालक भूपेन्द्र कुमार जी ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।  उन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं, उपस्थित गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संत दिव्वाननंद, प्रांत कार्यवाह प्रताप जी, प्रांत सामाजिक समरसता संयोजक हरियाणा ज्ञान जी, विभाग संघचालक पवन जी, जिला कार्यवाह सतीश जी, डॉ सुखवीर जी, मोहित जी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।