रोहतक। जाट शिक्षा समिति द्वारा संचालित तीन कॉलेजों की अलग-अलग गवर्निंग बॉडी के 11 सदस्यों व स्टाफ सदस्यों के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए जारी चुनाव प्रक्रिया उचित है इसके अनुसार तय समय पर चुनाव करवाए जाएं ।यह आदेश 1 मई 2026 की सुनवाई के दौरान पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा दिए गए हैं। यह जानकारी चुनाव अधिकारी डॉ सुरेंद्र सिंह राणा ने दी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में घोषित दिनांक 27. 3.2026 का चुनाव कार्यक्रम जारी रहेगा। कोर्ट के आदेश अनुसार जाट कॉलेज की पुरानी लाइब्रेरी में बनाए गए कार्यालय में 6 मई 2026 को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। इसके लिए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा कंप्यूटर साइंस विभाग से प्रोफेसर राहुल ऋषि को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।
डॉ सुरेंद्र सिंह राणा ने बताया की तीन कॉलेजों जाट कॉलेज, महारानी किशोरी कॉलेज, और सी आर बीएड कॉलेजों की गर्वनिंग बॉडी के लिए सदस्यों व स्टाफ सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 17 मई को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक होना है। 17 मई को ही मतदान के बाद मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी। डॉ राणा ने बताया कि इस चुनाव में केवल चुने गए कॉलेजियम सदस्य ही मत डाल सकते हैं। जिसके लिए उन्हें संस्था द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र और आधार कार्ड साथ में लाना अनिवार्य है।









