भिवानी, 05 मई। शहर को स्वच्छ, सुंदर और गंदगी से मुक्त बनाने के उद्देश्य से शहरी स्थानीय निकाय के तत्वावधान में स्थानीय चौ. सुरेंद्र सिंह मैमोरियल हुडा पार्क से वॉकथॉन (पदयात्रा) का आयोजन किया गया। डीएमसी हरबीर सिंह ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि भिवानी शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। गलियों में जगह-जगह कचरा ना फेंके। शहर को गंदगी से मुक्त बनाने में आमजन का सहयोग जरूरी है। वॉकथॉन में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रिषव रंजन, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया और नगर परिषद ईओ राजाराम सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी शामिल रहे।
डीएमसी हरबीर सिंह ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय शहर को स्वच्छ बनाने में भरपूर प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी को मिलकर अपने आसपास सफाई बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा एक से 15 मई तक प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता पखवाड़ा शुरु किया गया है, जिसे नई सोच-नया शहर, स्वच्छ हरियाणा, नाम दिया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपने शहर और कस्बों को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विशेषकर युवाओं से कहा कि वे स्वयं अपने घर व आसपास क्षेत्र से स्वच्छता की शुरुआत करें। अपने आसपास परिवेश को साफ रखें।
इस दौरान मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रिषव रंजन ने कहा कि इस विशेष पखवाड़े के दौरान शहरवासियों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से भिवानी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व नगर पार्षदों का सहयोग लिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने कहा कि स्वच्छता के लिए युवा वर्ग में जागरूकता जरूरी है। वॉकथॉन जागरूकता का सशक्त माध्यम है।
वहीं दूसरी ओर युवाओं ने स्वच्छता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से शहरवासियों का स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। वॉकथॉन हुड्डा पार्क से शुरू होकर हांसी गेट, पुराना बस स्टैंड, जेबी गुप्ता अस्पताल, सामान्य अस्पताल, न्यायिक परिसर तथा पुराना हाउसिंग बोर्ड रोड से होते हुए पुन: हुड्डा पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। वॉकथॉन में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, केएम पब्लिक स्कूल, हलवासिया विद्या विहार, केसीएम आर्मी स्कूल के अलावा अनेक युवा शामिल रहे।
इस अवसर पर बीईओ डॉ. अनिल गौड, ईओ राजाराम, सफाई निरीक्षक विकास कुमार, जेई अर्जुन नाथ व आबिद हुसैन, नगर पार्षद संदीप यादव व सुभाष तंवर, नगर पार्षदों, स्वच्छ भारत मिशन सिटी टीम लीडर सन्नी शर्मा, आईईसी विशेषज्ञ गायत्री, स्टैंड विद नेचर से लोकेश कुमार व स्केटिंग कोच अशोक तंवर, सेक्टर 13 वेलफेयर एसोसिएशन से गजराज जोगपाल, शुभम लखेरा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।









