×
Chaupal Tv
Latest Update

निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान प्रक्रिया में पोलिंग पार्टियों की अहम भूमिका : एसडीएम विशाल  

झज्जर, 04 मई। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के निर्देशानुसार जिला में आगामी 10 मई को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं और  झज्जर नगर परिषद  वार्ड 13 के उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए सोमवार को झज्जर स्थित संवाद भवन में पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीन की बारीकियां समझाई गईं। इस दौरान ईवीएम मास्टर ट्रेनरों ने सभी पोलिंग पार्टियों को उनके प्रत्येक कार्य और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


इस अवसर पर बादली के एसडीएम विशाल कुमार ने कहा कि पोलिंग पार्टियां जरा सी भी चूक न करें, सभी पोलिंग अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता को समझें। उन्होंने कहा कि पीओ हैंडबुक में वे सारी हिदायतें व नियम स्पष्ट रूप से दर्शाए गये हैं जिनकी जानकारी सभी पीओ और एपीओ  को होनी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में पीओ की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी अधिकारी  मतदान से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को अच्छी प्रकार से समझें और सभी नियमों की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें।


 एसडीएम विशाल कुमार ने पोलिंग पार्टियों को निष्ठा एवं लगन के साथ ड्यूटी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डिक्लेरेशन फॉर्म, पीओ डायरी तथा अन्य सभी प्रकार के दस्तावेज व फार्म भरने के साथ साथ मतदान प्रक्रिया की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि चुनाव में लगे हर अधिकारी, कर्मचारी को निष्पक्ष रहना है।


उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्र की कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट की जांच, मॉक पोल, मतदान सामग्री प्राप्त करना, मिलान करना व मतदान सामग्री की जांच करने की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कर्मियों को सामग्री प्राप्त करने में बरतने वाली सावधानियां, बूथ पर बैठने की व्यवस्था, मतदान की प्रक्रिया, सील करने की प्रक्रिया, सभी तरह के मतदान में प्रयुक्त, अनप्रयुक्त पेपर सील करने का तरीका, पीओ के कार्य दायित्व के बारे में समग्रता से बताया गया।


उल्लेखनीय है कि जिला में 10 मई को पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के चलते बहादुरगढ़ में पंचायत समिति वार्ड 14, बादली खंड के गांव बाढ़सा व बेरी  खंड के गांव धांधलान में सरपंच पद के उपचुनाव कराए जाएंगे तथा नगरपरिषद झज्जर में वार्ड 13 के लिए उपचुनाव होगा।


इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सीटीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी, झज्जर नगर परिषद रितु बंसीवाल, डीडीपीओ निशा तंवर, बीडीपीओ बेरी राजाराम, बीडीपीओ बादली सुमित बेनीवाल, ईओ देवेंद्र कुमार सहित विकास एवं पंचायत और झज्जर नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित थे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।