×
Chaupal Tv
Haryana

केवल दो दिन शेष, मतदाता जल्द जमा करें गणना प्रपत्र- वेबसाइट पर ऑनलाइन भी जमा करवा सकते हैं गणना प्रपत्र

सिरसा, 22 जुलाई।
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 22 जुलाई तक राज्य में 83.41 प्रतिशत गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज/अपलोड किए जा चुके हैं। शेष मतदाताओं के पास अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस जमा कराने के लिए अब केवल दो दिन का समय शेष है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध करवाया गया है। मतदाता को प्रपत्र में आवश्यक विवरण भरकर स्वयं अथवा परिवार के किसी वयस्क सदस्य के हस्ताक्षर करवाने के बाद इसे बीएलओ को वापस जमा कराना होगा। वहीं, बीएलओ के हस्ताक्षर वाला दूसरा प्रपत्र रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखना होगा।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे। यदि किसी मतदाता का गणना प्रपत्र निर्धारित समय तक बीएलओ को प्राप्त नहीं होता है, तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता चाहें तो निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं।  राजनीतिक दलों से भी अपील की गई है कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-।।) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें तथा उनसे गणना प्रपत्र प्राप्त कर बीएलओ के पास समय पर जमा करवाने में सहयोग करें।
विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान के दौरान जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है, वे 31 जुलाई 2026 के बाद आवश्यक दस्तावेज बीएलओ के पास अवश्य जमा कराएं, ताकि उनका विवरण सही किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता किसी कारणवश निर्धारित अवधि में अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा नहीं कर पाएंगे, वे 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 के बीच आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना नाम पुन: मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।