भिवानी, 21 जुलाई। स्थानीय पंचायत भवन में 26 जुलाई को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक भिवानी विधानसभा क्षेत्र से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन उत्थान के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न 19 विभागों द्वारा स्टाल लगाई जाएंगी। मेले में एक लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले व्यक्तियों को बुलाया गया है। ऐसे परिवारों में से किसी भी एक व्यक्ति को उसकी योग्यता और इच्छानुसार पात्रता के अनुरूप एक योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन करवाया जाएगा।
अंत्योदय मेले में ग्रामीण विकास, हरियाणा अनुसूचित जाति और वित्त एवं विकास निगम, सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, बागवानी विभाग, हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन, हरियाणा बैकवर्ड क्लासिस एवं इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन निगम, हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा महिला विकास निगम, रोजगार विभाग, बाल कल्याण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, एमएसएमई, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज निगम लिमिटेड, ग्रामीण आजीविका मिशन, डेयरी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन फेडरेशन, विकास एवं पंचायत विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभागों द्वारा स्टाल लगाई जाएंगी। इन विभागों द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिया जाएगा।
एडीसी ने बताया कि सभी विभाग हेल्प डेस्क लगाकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लोगों को उनकी पात्रता और इच्छा अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करवाया जाएगा। इस दौरान अंत्योदय मेले के नोडल अधिकारी एवं भिवानी के एसडीएम महेश कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों का काम लोगों की भलाई करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का जीवन उत्थान करना एक पुण्य का कार्य है। प्रदेश सरकार का यही उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति एक लाख रुपए से की वार्षिक आय से कम ना हो। ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी इस मेले को गंभीरता से लेकर जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया की भिवानी विधानसभा क्षेत्र में करीब 3078 आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इन सभी परिवारों को फोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा कि वे इस अंतोदय मेले में शामिल हों और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस मौके पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमवीर कादयान, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र हुड्डा, जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार, सहायक रोजगार अधिकारी दीपक शर्मा, ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रभारी शिखा राणा, एएलडीएम राजवंती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भिवानी विधानसभा क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला 26 जुलाई को पंचायत भवन में: एडीसी









