भिवानी, 20 जुलाई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए स्वच्छता बनाए रखने के आह्वान पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने नगर परिषद के साथ स्थानीय महम गेट से फैंसी चौक तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद भवानी प्रताप और नगर परिषद के ईओ राजाराम भी शामिल हुए। स्वच्छता अभियान के दौरान विधायक श्री सर्राफ ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का आह्वान किया। इस दौरान विधायक श्री सर्राफ ने फैंसी चौक को युवाओं के प्ररेणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद के नाम से करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फैंसी चौक को अब स्वामी विवेकानंद के नाम से भी जाना जाएगा।
विधायक श्री सर्राफ ने सफाई अभियान के दौरान कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना हमारे ही हाथ में है। उन्होंने कहा कि हमें सडक़ों या गलियों में इधर-उधर कूड़ा कचरा नहीं फेंकना चाहिए, इससे शहर में गंदगी का आलम बनता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के ऑटो टिप्पर घर-घर से कूड़ा कचरा कलेक्शन कर रहे हैं। नागरिक गालियों या सडक़ों पर कूड़ा कचरा ना डालकर और ऑटो टिप्पर पर में ही डालें। उन्होंने कहा की गलियों में डाला हुआ कचरा इधर-उधर बिखर जाता है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर में अनेक जगह से कचरा पॉइंट समाप्त करके उनका सौंदर्यकरण किया गया है, इस सौन्दर्यकरण को हमें बनाए रखना है। नागरिक शहर को साफ सुथरा बनाने में नगर परिषद प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भी 17 जुलाई को जींद की धरती से देश के नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया था। इतना ही नहीं श्री मोदी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री की शपथ लेने के साथ ही देशवासियों से स्वच्छता का आह्वान किया था। ऐसे में हम सब का दायित्व बनता है कि हम अब अपने घर और आसपास पपरिवेश, शहर और कस्बे को साफ रखें।
इस दौरान महम गेट से फैंसी चौक तक सफाई अभियान चलाया गया। विधायक श्री सर्राफ, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप और ईओ राजाराम ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जांगड़ा, नगर पार्षद हर्षदीप डूडेजा, संजय कुमार, प्रवीण चावला, विजय काठपालिया, डॉ. सुखविंदर, आनंद सिंह, विजय सिंहमार, रामू जेवडीवाला, कृष्ण नंबरदार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
विधायक घनश्याम सर्राफ ने महम गेट से फैंसी चौक तक झाड़ू लगा कर दिया स्वच्छता का संदेश









