×
Chaupal Tv
Haryana

जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक आयोजित, सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने 16 में से 10 परिवादों का किया मौके पर समाधान*

चंडीगढ़, 29 मई-          कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का निदान करना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। स्वयं प्रदेश के मुखिया नायब सिंह सैनी भी दिन-रात आमजन की शिकायतें सुनते हैं और उनका समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीवेंस कमेटी की बैठक से लोगों की उम्मीद अधिक होती है। इसलिए अधिकारी अधिक गंभीर होकर ग्रीवेंस कमेटी में आई शिकायतों का समाधान करें। इसके अतिरिक्त कमेटी के समक्ष ऐसी शिकायतें रखी जाएं, जिनका पहले से  उपलब्ध व्यवस्थाओं से समाधान नहीं हुआ है। इसके लिए बैठक में रखी जाने वाली शिकायतों के संबंध में ग्रीवेंस कमेटी सदस्यों की राय को भी शामिल किया जाए।

हिसार स्थित स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक के दौरान उन्होंने यह बात कहीं। सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने 16 में से 10 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शेष शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखते हुए उन्होंने समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त श्री महेंद्र पाल ने प्राप्त दिशा-निर्देशों की पूर्ण अनुपालना का भरोसा देते हुए कहा कि शेष शिकायतों का समाधान भी समयबद्धता के साथ करवाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बैठक में रखी गई शिकायतों के अलावा अगली बार अपने विभाग से संबंधित सभी लंबित कार्यों की सूची भी अपने साथ लेकर आएं।

  जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक में शिकायतकर्ता रोहताश गुप्ता निवासी बरवाला द्वारा अवगत करवाया गया कि नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा मिलीभगत करके किसी अन्य व्यक्ति के नाम चढा दी है जोकि गलत है। पिछली बैठक में एक कमेटी गठित कर हस्ताक्षर की जांच करवाने के निर्देश दिए गए थे। कैबिनेट मंत्री ने अब इस मामले में पुलिस अधीक्षक को जांच करने के लिए कहा है। इसी प्रकार से ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट की कथित अनियमितताओं ,  प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर 24 में आबंटित फ्लैट दिलवाने संबंधी शिकायत,पैसे देने के बाद भी राज दरबार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाने , 4 अप्रैल 2026 की शनिवार की रात लगभग 11:30 बजे सरपंच ने घर में घुसकर उनके साथ छेड़छाड़ करने व अभियुक्त की वीडियो बनाने के बावजूद  थाना सदर के पुलिस कर्मचारियों द्वारा बात को पूरी तरह नजर अंदाज करने तथा शिकायत पर कार्यवाही करने की बजाय उल्टा उनके विरूद्ध ही अपहरण की झूठी शिकायत करने जैसे कई मामलों में कैबिनेट मंत्री ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।

इसी प्रकार उन्होंने हिसार वार्ड नंबर 18, शास्त्री नगर निवासी द्वारा  गली में सिवरेज व्यवस्था काफी खराब होने के मामले में  कैबिनेट मंत्री ने न केवल इस क्षेत्र बल्कि शहर के सभी क्षेत्रों में बरसात से पहले सीवरेज लाइनों को दुरुस्त करने की हिदायत दी, साथ ही कहा कि ऐसी जानकारी सार्वजनिक करने के आदेश दिए, जिसमें सीवरेज की सफाई की तिथि तथा अगली बार सफाई की तारीख संबंधी जानकारी हो। बैठक में अवगत करवाया गया कि जाखोद खेड़ा के ग्रामीणों द्वारा पीने के पानी की समस्या का समाधान कर दिया गया है और लापरवाह कर्मचारी का तबादला भी कर दिया गया है। गांव मलापुर व लाडवी के नागरिकों द्वारा खाल निर्माण संबंधी मांग के बारे में अवगत करवाया गया कि पुराने ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है और अब जल्द ही नया टेंडर लगाया जाएगा। एक अन्य शिकायत पर यह अवगत करवाया गया कि प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विधालय पटेल नगर हिसार द्वारा हिसार के मुख्य द्वार पर बिजली के तार, केबल, वायर तथा हाइटेंशन वायर दुरूस्त कर दी गई हैं।

इसी प्रकार से शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत चयनित दो बच्चे को दाखिला न मिलने संबंधी शिकायत पर शिक्षा विभाग को सख्त हिदायत दी गई कि न केवल इन दो बच्चों बल्कि सभी मामलों में कार्यवाही करते हुए बच्चों को दाखिला दिलाया जाए। इस संबंध में शिक्षा अधिकारी को एसडीएम के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। बहुचर्चित स्कॉलर कॉलोनी विवाद मामले में कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि यह मामला अगली बार ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में पुन: शामिल किया जाए।

इस अवसर पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार, उपायुक्त महेंद्र पाल,  हिसार पुलिस अधीक्षक सिद्घांत जैन, मेयर प्रवीण पोपली, नगर निगम आयुक्त नीरज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।