×
Chaupal Tv
Latest Update

पलवल से चलने वाली लोकल ट्रेनों का मथुरा और कोसी कला तक किया गया विस्तार- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

चंडीगढ़, 2 मई- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम के सार्थक प्रयासों से जिला पलवल में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर अहम कदम उठाए गए हैं, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को पूरी ईमानदारी से पूरा कर रही है।

मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा पलवल स्टेशन से चलने वाली लोकल ट्रेन संख्या 64016/64019 का मथुरा स्टेशन तक तथा 64082/64051 का कोसी कला स्टेशन तक विस्तार किया गया है। सरकार के इस फैसले से विशेष रूप से शाम के समय यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस रेल सेवा विस्तार के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि ट्रेनों के संचालन और उनके विस्तार से पलवल, होडल, कोसी कला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि लंबे समय से इन क्षेत्रों के लोग बेहतर रेल सुविधा की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने पूरा करने का प्रयास किया है। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद तक पहुंचने में पहले की तुलना में अधिक सुविधा और सहजता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से वे लोग, जो रोजाना काम, पढ़ाई या अन्य कारणों से यात्रा करते हैं, उनके लिए यह निर्णय काफी राहत भरा साबित होगा। अब उन्हें बार-बार ट्रेन बदलने या लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका कीमती समय बचेगा। साथ ही यात्रा के दौरान होने वाली भीड़ और असुविधा में भी कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी समान सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस पहल से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

 मंत्री ने बताया कि पलवल में लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और इसे जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार परिवहन, सड़क, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार काम कर रही है, ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके। खेल राज्य मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की रफ्तार जारी रहेगी और जनता की अपेक्षाओं पर सरकार पूरी तरह खरा उतरेगी।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।