×
Chaupal Tv
Haryana

*संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार लोहान ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का किया औचक निरीक्षण*

गुरुग्राम, 19 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत रविवार को हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार लोहान ने गुरुग्राम एवं बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निर्वाचन कानूनगो अनीता तथा निर्वाचन तहसीलदार राजेंद्र हुड्डा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर-31, 40, 56, 54, 52, 15, 7, 4, 43, 45, 46, 27 सहित 5-7 कॉलोनी के विभिन्न मतदान क्षेत्रों का दौरा कर बूथ स्तर पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाता गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने एवं अपात्र नामों के संबंध में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
राजकुमार लोहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी योग्य नागरिक का नाम छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने घर-घर जाकर सत्यापन कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रपत्रों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से संवाद कर अभियान के संचालन, सामने आ रही व्यावहारिक चुनौतियों तथा उनके समाधान के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी इसकी सफलता के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करे। निर्वाचन कानूनगो अनीता तथा निर्वाचन तहसीलदार राजेंद्र हुड्डा ने भी विभिन्न बूथों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।