×
Chaupal Tv
Haryana

जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी स्टोर और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लिनिक का शुभारंभ

गुरुग्राम, 29 मई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम द्वारा प्रदेश को 100 करोड़ रुपये से अधिक की 9 स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात दी। इसी कड़ी में गुरुग्राम जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी स्टोर और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि पहले किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए बड़े शहरों के निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जहां इलाज पर लाखों रुपये खर्च हो जाते थे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह उपचार करवाना काफी कठिन था। उन्होंने कहा कि अब सरकार द्वारा सिविल अस्पतालों में निशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर उपचार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सिविल अस्पतालों में सुविधाओं की कमी रहती थी, लेकिन पिछले वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हुआ है। अस्पतालों में आधुनिक मशीनें, बेहतर उपचार व्यवस्था और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ी है। यही कारण है कि अब आम नागरिक सरकारी अस्पतालों में विश्वास के साथ अपना इलाज करवाने पहुंच रहे हैं।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार के विजन को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार निरोगी हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।
इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, सीएमओ डॉ. लोकवीर, पीएमओ नीना, डीएमएस डॉ. हिमानी, डीएमएस डॉ. नीरज यादव, डीएस प्रवीण आर्या, आई सर्जन पूनम गोयल, नोडल अधिकारी सुशीला यादव, गाइनकोलॉजिस्ट डॉ. मीनाक्षी बसवान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।