सिरसा, 05 मई।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य तेज़ी से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और हर क्षेत्र को कवर करें, ताकि कोई भी परिवार छूट न पाए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का सहयोग करें तथा सही, सटीक और नवीनतम जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया गया कि मकान सूचीकरण का कार्य 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा। इस दौरान परिवारों से करीब 34 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जा रही है, जो भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सहायक होगी। यह कार्य ब्लॉक स्तर पर विभाजित किया गया है, जिससे हर क्षेत्र में व्यवस्थित ढंग से सर्वे पूरा किया जा सके। प्रगणक सीधे नागरिकों से संपर्क कर जानकारी जुटा रहे हैं, जबकि सुपरवाइजर इस कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान कोई भी कर्मचारी आधार नंबर, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण या ओटीपी जैसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगता। यदि किसी को जनगणना से संबंधित कोई समस्या या जानकारी चाहिए, तो हेल्पलाइन नंबर 01666-248204 पर संपर्क किया जा सकता है।









