×
Chaupal Tv
Haryana

विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित :-

रोहतक, 15 जून। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान के मार्गदर्शन में स्थानीय जनसेवा संस्थान में जागृति स्कीम-2025 के अंतर्गत वरिष्ठ जन अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में किया गया।
इस अवसर पर जनसेवा संस्थान स्थित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सामान्य अस्पताल से आई चिकित्सकों की टीम ने 75 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर के दौरान वृद्धजनों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, शुगर एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य वृद्ध व्यक्तियों के स्वास्थ्य का आकलन करना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सम्मानजनक जीवन एवं कानूनी संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि समाज में वृद्धजनों के प्रति सम्मान, सुरक्षा एवं संवेदनशीलता का वातावरण बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को मार्गदर्शन प्राप्त होता है। स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी चलाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक के चीफ मुकेश कुमार एवं डिप्टी चीफ राजबीर कश्यप ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा वृक्षारोपण प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक द्वारा समय-समय पर जनहित, विधिक जागरूकता, वरिष्ठ नागरिक कल्याण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर पवन कुमार, अशोक पंडित, होशियार सिंह, अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन स्वामी चैतन्य जी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।