×
Chaupal Tv
Haryana

ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में छाई बेटियां, 17 बेटियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

सिरसा। सिरसा स्पोर्ट्स एंड फिटनेस फाउंडेशन की महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ब्लॉक स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। फाउंडेशन से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 17 खिलाड़ियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
इस प्रतियोगिता में कबड्डी खेल नर्सरी, गांव रंगड़ी खेड़ा की 10 तथा राजकीय कन्या विद्यालय, मेला ग्राउंड, सिरसा की 7 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग की टीम ने प्रथम स्थान, जबकि अंडर-14 वर्ग की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर अंडर-19 वर्ग की 12 और अंडर-14 वर्ग की 5 खिलाड़ियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। फाउंडेशन अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि  फाउंडेशन पिछले करीब दो वर्षों से 250 से 300 खिलाड़ियों को पूरी तरह निःशुल्क कबड्डी प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद संस्था ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब लगातार देखने को मिल रहा है। फाउंडेशन ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम, कोचों, अभिभावकों और ग्रामवासियों के सहयोग को दिया। विशेष रूप से फौजी अनिल कुंडू, देवेंद्र कुमार, अरुणदीप, रिंकू सिंह, पीटीआई प्रदीप बिश्नोई और पीटीआई कविता के मार्गदर्शन, मेहनत और समर्पण को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
इसके अलावा गांव रंगड़ी खेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि अंग्रेज सिंह काला, सोम सिंह और प्रेम सिंह के सहयोग तथा खेलों के प्रति उनकी सकारात्मक सोच को भी इस उपलब्धि में अहम योगदान माना गया। एनआईएस कबड्डी कोच एवं सिरसा स्पोर्ट्स एंड फिटनेस फाउंडेशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने हांडीखेड़ा और वैदवाला की टीमों के उन खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं दीं, जिनका जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि इन टीमों के कई खिलाड़ी भी नियमित रूप से फाउंडेशन में अभ्यास करते हैं और दोनों टीमों के कोच भी इस उपलब्धि के लिए बधाई के पात्र हैं।
कुलदीप सिंह ने बताया कि 21 जुलाई को लड़कों की ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसमें भी फाउंडेशन के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर अधिक से अधिक संख्या में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का प्रयास करेंगे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।