झज्जर, 05 मई। जिला में आगामी 10 मई को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं तथा नगर परिषद झज्जर वार्ड-13 के उपचुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व पोलिंग पार्टियों का प्रथम रेंडमाइजेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल के मार्गदर्शन व सीटीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी रितु बंसीवाल की देखरेख में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान ईवीएम मशीनों व पोलिंग पार्टियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आवंटन सुनिश्चित किया गया।
सीटीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी रितु बंसीवाल ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य वार्ड-14 बहादुरगढ़, गांव धांधलान व गांव बाढसा में सरपंच पद तथा झज्जर शहर के वार्ड-13 में पार्षद पद के लिए 10 मई को उपचुनाव होना है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए ईवीएम व पोलिंग पार्टियों का रेंडमाइजेशन एक महत्वपूर्ण चरण है।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चुनावी प्रक्रियाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाताओं का विश्वास बना रहे और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके। इस अवसर पर डीडीपीओ निशा तंवर, डीआईओ अमित बंसल, बीडीपीओ साल्हावास राहुल मेहरा सहित अन्य अधिकारी व उम्मीदवार उपस्थित थे।









