झज्जर, 03 मई। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने रविवार को अधिकारियों के साथ छारा में चल रही गेहूं खरीद व उपज उठान व्यवस्थाओं का जायजा लिया । उन्होंने खरीद एजेंसियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं के उठान (लिफ्टिंग) कार्य में तेजी लाएं। यदि कहीं भी ढिलाई पाई गई, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीसी ने मंडी आढ़तियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। अनाज मंडियों में जारी गेहूं खरीद प्रक्रिया व उपज उठान को लेकर डीसी ने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गेहूं उपज की खरीद के साथ-साथ उसका समय पर उठान और वैज्ञानिक भंडारण सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था उत्पन्न न हो और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीसी ने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा मंडियों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।
उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम सहित सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे खरीद के साथ-साथ उठान की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करें।
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि वर्तमान में पीक सीजन के दौरान भंडारण और लिफ्टिंग व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
छारा स्थित खरीद केंद्र में अब तक 15 हजार 49 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज हुई है जबकि 10 हजार 966 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। वहीं कुल खरीद का 6 हजार 463 मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो चुका है।
बॉक्स
टेंडर शर्तों के उल्लंघन पर ट्रांसपोर्टर को 25 हजार जुर्माने का नोटिस जारी : डीएफएससी
इस बीच डीएफएससी राजेश्वर मुदगिल ने बताया कि छारा खरीद केंद्र पर टेंडर शर्तों का उल्लंघन करने और धीमी उठान एवं अपर्याप्त वाहन उपलब्धता के चलते खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा ट्रांसपोर्टर को 25 हजार रुपये जुर्माने का नोटिस जारी किया गया है।
डीएफएससी ने बताया कि छारा खरीद केंद्र पर गेहूं उपज के धीमी उठान औऱ टेंडर शर्तों के अनुरूप वाहन उपलब्ध ना होने के कारण ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी गया है। साथ ही ट्रांसपोर्टर को खरीद केंद्र पर शेष गेहूं के स्टॉक का उठान समयबद्ध रूप से प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।,ताकि छारा खरीद केंद्र पर खरीदी गई गेहूं उपज की लिफ्टिंग के साथ उचित भंडारण सुनिश्चित हो सके।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, डीएफएससी राजेश्वर मुदगिल, डीएफएसओ आदित्य कौशिक, एएफएसओ अमरजीत सिंह, एएफएसओ बहादुरगढ़ सपना, इंस्पेक्टर सुमित हुड्डा, मंडी प्रधान गिलूराम सहित अन्य अधिकारी ,आढ़ती व किसान उपस्थित रहे।
——-









