×
Chaupal Tv
Latest Update

पानी की एक एक बूंद कीमती जल संरक्षण के लिए एसडीएम ने लोगों से किया आह्वान

बेरी (झज्जर)05 मई।  एसडीएम रेणुका नांदल ने मंगलवार को निकटवर्ती गांव वजीरपुर स्थित जलघर का औचक निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलघर में उपलब्ध संसाधनों, पानी के भंडारण, वितरण प्रणाली और स्वच्छता व्यवस्था की बारीकी से जांच की।


निरीक्षण के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ वीरेंद्र सिंह ने एसडीएम को जलघर की कार्यप्रणाली, पानी की सप्लाई के समय और वितरण तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभाग तत्पर है।
एसडीएम रेणुका नांदल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रखी जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है, इसलिए इसकी बर्बादी को रोकना बेहद जरूरी है।


उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील करते हुए कहा कि वे जल संरक्षण को अपनी आदत में शामिल करें और अनावश्यक पानी बहाने से बचें। साथ ही किसी भी प्रकार की जलापूर्ति संबंधी समस्या होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।


एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को जलघर परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, लीकेज की समय पर मरम्मत करने और सप्लाई लाइन की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए, जिससे लोगों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।