×
Chaupal Tv
Haryana

कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने रक्तदाताओं की हौसला अफजाई कर किया रक्तदान के लिए प्रेरित

हिसार, 14 जून।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर तथा हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रविवार को पटेल नगर कम्युनिटी सेंटर में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वार्ड-16 आरडब्ल्यूए द्वारा पार्षद राजेंद्र बिड़लान की अध्यक्षता एवं उनकी टीम के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान” है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल समाज के लिए उपयोगी है, बल्कि इससे रक्तदाता के स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है। नियमित रक्तदान से हृदय रोगों का खतरा कम होता है तथा शरीर में नए रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है।
कैबिनेट मंत्री ने शिविर में उपस्थित रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही रक्त की आवश्यकता को पूरा किया जा सकता है और किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जा सकती।
रक्तदान शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में रक्त बैंक की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। दोपहर तक कुल 51 रक्तदाता रक्तदान कर चुके थे और रक्तदान का सिलसिला लगातार जारी रहा।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं रिफ्रेशमेंट प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, नगर निगम हिसार के महापौर प्रवीण पोपली, सफाई आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह पलाटा, सफाई आयोग के वाइस चेयरमैन भारत टांक, सफाई आयोग के सदस्य चंद्र प्रकाश बोस्ती, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, कृष्ण सरसाना, संजीव रेवड़ी, सुरेंद्र बिड़लान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।