×
Chaupal Tv
Latest Update

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन

रोहतक, 02 मई : विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सभागार में एक जागरूकता सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन अजय कुमार तेवतिया तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम विशाल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।


सेमिनार का मुख्य उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व, लोकतंत्र में उसकी भूमिका तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने प्रेस की निष्पक्षता, जिम्मेदारी एवं समाज के प्रति उसकी जवाबदेही पर विस्तृत प्रकाश डाला। साथ ही यह भी रेखांकित किया गया कि स्वतंत्र एवं निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है, जो शासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है।


इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में सीजेएम राकेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सजीव सैनी को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


सीजेएम राकेश कुमार ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता उसी का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं न्याय सुनिश्चित करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी प्रतिभागियों को प्रेस की स्वतंत्रता के संरक्षण एवं उसके जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया गया तथा उपस्थित पत्रकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, रोहतक द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।


कार्यक्रम में एडवोकेट (डिप्टी चीफ) राजबीर कश्यप, वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता (चीफ) संदीप कुमार, मुकेश कुमार, प्रवीन फोगाट, अरविंद बत्रा, राज मल्होत्रा (एलएडीसी) एवं अन्य अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।