×
Chaupal Tv
Haryana

  महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं व व्यवस्थाओं की समीक्षा की

हिसार, 24 जुलाई।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष मीना परमार ने शुक्रवार को हिसार जिले के आधिकारिक दौरे के दौरान विभिन्न संस्थानों में स्थित महिला कल्याण केंद्रों का निरिक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं व व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने केंद्रीय कारागार-2, हिसार, नागरिक अस्पताल, महिला थाना तथा वन-स्टॉप सेंटर आदि संस्थानों का निरीक्षण और महिलाओं से बात की। शिकायत निवारण प्रणाली के विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं संस्थानों के प्रभारियों को जल्द से जल्द उन्हें दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने काउंसलिंग, मेडिकल सहायता, विधिक सेवाओं और अस्थायी शेल्टर जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्टाफ से आवश्यक जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वास्तविक वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट आयोग दे । साथ ही पीड़ित महिलाओं से जुड़े सभी मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सहायता और संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थान है, इसलिए इसकी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। केंद्र में सफाई, सुरक्षा तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। काउंसलिंग और कानूनी सहायता प्रदान करने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और केस रजिस्टर व डिजिटल रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखा जाना चाहिए। जरूरतमंद महिलाओं को संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए। आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने पीड़ित एवं शोषित महिलाओं व बच्चों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें त्वरित समाधान के लिए आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।