इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए इग्नू के विभिन्न कार्यक्रमों में पंजीकरण करा चुके ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने अपने आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर दिए हैं लेकिन अभी तक प्रवेश शुल्क का भुगतान नहीं किया है, वे 31 जुलाई 2026 तक अपना शुल्क अवश्य जमा कर दें। निर्धारित तिथि के बाद शुल्क का भुगतान नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश पूर्ण नहीं माना जाएगा तथा वे दाखिले से वंचित रह सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। शुल्क भुगतान एवं प्रवेश संबंधी सभी जानकारी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर उपलब्ध है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से समय रहते शुल्क का भुगतान कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इग्नू का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक उच्च शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना है। विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों, ग्रामीण अंचलों, नौकरीपेशा व्यक्तियों, गृहिणियों तथा ऐसे विद्यार्थियों के लिए, जो किसी कारणवश नियमित महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में अध्ययन नहीं कर सकते, इग्नू एक उत्कृष्ट विकल्प है।
डॉ. धर्म पाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी भी इग्नू के माध्यम से अपनी नियमित पढ़ाई जारी रखते हुए मान्यता प्राप्त डिग्री प्राप्त कर सकते हैं। इग्नू की दूरस्थ शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को अपनी सुविधा एवं समय के अनुसार अध्ययन करने का अवसर प्रदान करती है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उच्च शिक्षा दोनों को साथ-साथ आगे बढ़ा सकते हैं।









