झज्जर, 22 जुलाई
बरसात के मौसम में शहरी क्षेत्र को जलभराव की समस्या से मुक्त रखने तथा साफ सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को अधिकारियों के साथ झज्जर शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। डीसी ने सम्बंधित अधिकारियों के साथ अंबेडकर चौक, बेरी गेट, सीताराम गेट, छारा चुंगी, माता गेट सहित शहर के अनेक जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था, नालों की सफाई, सीवरेज प्रणाली तथा स्वच्छता कार्यों का जायजा लिया।
बरसात में जलनिकासी व्यवस्था में अलर्ट मोड़ में रहे विभाग
डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बरसाती मौसम को देखते हुए सभी नालों, ड्रेन और सीवरेज लाइन की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। जहां भी जलनिकासी बाधित होने की संभावना हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में लापरवाही के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सम्बन्धित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी फील्ड में अलर्ट मोड़ में रहें और जहां कहीं भी जल भराव की स्थिति बनती है वहां पर्याप्त संसाधनों से जल निकासी तुरन्त प्रभाव से सुनिश्चित करें।
स्वच्छ और सुंदर झज्जर बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी
डीसी वर्षा खांगवाल ने निरीक्षण के दौरान शहरवासियों से भी बातचीत की और कहा कि ऐतिहासिक नगरी झज्जर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी शहरों में शामिल करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही नहीं, बल्कि आमजन का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बरसात के मौसम में नालों, सीवर लाइन अथवा सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य प्रकार का कचरा न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है और जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।
नियमित मॉनिटरिंग के साथ स्थायी समाधान पर दें विशेष ध्यान
डीसी ने कहा कि नगर परिषद, जन स्वास्थ्य एवं संबंधित विभाग केवल अस्थायी व्यवस्था तक सीमित न रहें, बल्कि जल निकासी की समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के संभावित जलभराव स्थानों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी पानी निकासी में अवरोध है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, नालों में कचरा डालने तथा अतिक्रमण करने वालों के चालान किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर नियमित रूप से गंदगी की शिकायतें मिलती हैं, वहां विशेष सफाई अभियान चलाकर स्थायी सुधार सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क, नागरिक भी निर्बाध जल निकासी व्यवस्था में निभाएं सक्रिय जिम्मेदारी
डीसी ने कहा कि मानसून के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जलभराव की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचें। अपने घर के बाहर ,गली मोहल्ले में किसी प्रकार की वेस्ट निर्माण सामग्री,कूड़ा करकट ना रखें। साथ ही नाली, सीवरेज व्यवस्था चॉक ना हो,इसके लिए प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही झज्जर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त शहर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन अशवनी सांगवान व नगर परिषद के ईओ देवेंद्र कुमार सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









