×
Chaupal Tv
Haryana

जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर भड़के मोहित शर्मा, बोले- सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है

सिरसा, 22 जुलाई। प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रकट करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन जब सरकार जनता की आवाज को दबाने का प्रयास करती है तो यह सरासर लोकतांत्र का गला घोटने जैसा है। मोहित शर्मा ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अन्यायपूर्ण व अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री निवास के आगे पुलिसिया जुल्म के खिलाफ धरना देने गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ पुलिस ने बुरा बर्ताव किया। इससे यह बात साबित हो गई है कि सरकार घबरा गई है और जुल्म के बल पर आंदोलन को कुचलना चाहती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को जनता की आवाज उठाने से रोकने का प्रयास लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार तानाशाही और दमनकारी नीतियों के माध्यम से जनता की आवाज दबाना चाहती है, लेकिन देश के युवा और आम नागरिक अब पूरी तरह जागरूक हो चुके हैं। मोहित शर्मा ने कहा कि युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाया नहीं जा सकता। छात्रों और युवाओं में बढ़ता आक्रोश सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर एकजुट हो रहे हैं। मोहित ने कहा कि यह आंदोलन अब थमने वाला नहीं है। छात्रों व युवाओं का यह आक्रोश इस जनविरोधी शासन का खात्मा करके ही दम लगा।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।