×
Chaupal Tv
Haryana

*बरसाती सीजन में जल निकासी, सड़क, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को लेकर तत्परता से करें कार्य : डीसी*

झज्जर, 21 जुलाई।* डीसी वर्षा खांगवाल ने मानसून सीजन के दौरान जल निकासी, जलभराव की रोकथाम,स्वच्छ पेयजल, नालों की सफाई,सड़कों की तुरंत मरम्मत आदि की बिंदु वार समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाधान शिविरों से प्राप्त समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
डीसी मंगलवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक में सड़क, जलनिकासी, स्वच्छ पेयजल सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा कर रही थीं।
डीसी ने कहा कि बरसाती मौसम के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिला में जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागो आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की डेड लाइन तय की जाए,शार्ट टर्म कार्य जल्द पूरे किए जाएं जबकि लंबी अवधि में होने वाले विकास कार्यो की रूपरेखा तैयार करते हुए पूरा किया जाए।
*संभावित जलभराव क्षेत्रों से तुरंत पानी निकासी की हो व्यवस्था*
 डीसी वर्षा खांगवाल ने दोहराया कि बरसाती मौसम के दौरान जल निकासी व्यवस्था हर समय सुचारु रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात होने के तुरंत बाद जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन के दैनिक जीवन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
 *संबंधित विभाग पंप सेट, मोटर एवं अन्य उपकरण रखें तैयार*
 डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्टाफ संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप सेट, मोटर, पाइप एवं अन्य आवश्यक उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखे, ताकि आवश्यकता पड़ते ही बिना विलंब जल निकासी का कार्य प्रारंभ किया जा सके।
*जलभराव की प्रत्येक घटना का रखें विस्तृत रिकॉर्ड*
डीसी वर्षा खांगवाल ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग बरसात के दौरान जलभराव से संबंधित प्रत्येक घटना का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करें। रिकॉर्ड में यह स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए कि किन स्थानों पर जलभराव हुआ, पानी की निकासी में कितना समय लगा तथा स्थिति सामान्य होने में कितना समय लगा। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड भविष्य में स्थायी समाधान, बेहतर योजना निर्माण एवं आपदा प्रबंधन की दृष्टि से उपयोगी सिद्ध होगा। इसके अलावा सम्बंधित एसडीएम अपने अपने क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों की मॉनीटिरिंग करते हुए व्यवस्था दुरुस्त रखें। म्हारी सड़क एप पर आने वाली शिकायतों का अविलंब समाधान सुनिश्चित किया जाए।
*ये अधिकारी रहे उपस्थित*
बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल,एसडीएम बादली विशाल, सीटीएम रितु के अलावा शहरी स्थानीय निकाय, पीडब्ल्यूडी, जनस्वास्थ्य, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसआईआईडीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।