×
Chaupal Tv
Haryana

‘जल संचय-जनभागीदारी 2.0’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं नागरिक : डीसी

झज्जर, 20 जुलाई।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को वर्षा जल संचयन अपनाकर भूजल स्तर बढ़ाने तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘जल संचय-जनभागीदारी 2.0 (कैच द रेन-2026)’ अभियान का उद्देश्य वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना, भूजल पुनर्भरण को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना है।

जल संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व
डीसी ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों, संस्थानों, स्कूलों, कार्यालयों तथा औद्योगिक इकाइयों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाएं। उन्होंने कहा कि मानसून की प्रत्येक बूंद को सहेजकर भविष्य के जल संकट से काफी हद तक बचा जा सकता है। जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है।

जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं विभाग
डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी संबंधित विभागों से कहा कि अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। तालाबों के पुनर्जीवन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सोक पिट, चेक डैम तथा अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण और रखरखाव में तेजी लाई जाए, ताकि अधिक से अधिक वर्षा जल का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

कैच द रेन-2026 अभियान की सभी गतिविधियां पोर्टल पर अपडेट करें अधिकारी
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैच द रेन-2026 अभियान के अंतर्गत किए जा रहे सभी कार्यों का रिकॉर्ड समयबद्ध एवं सही तरीके से पोर्टल पर अद्यतन रखा जाए। अपलोड किए गए कार्यों के डेटा का सत्यापन पूरी गंभीरता से किया जाए तथा यदि किसी प्रविष्टि में त्रुटि, डुप्लीकेट रिकॉर्ड, लागत, जियो-कोऑर्डिनेट्स अथवा फोटो संबंधी कोई विसंगति हो तो उसे तत्काल ठीक किया जाए, जिससे अभियान की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही जल संरक्षण अभियान को व्यापक सफलता मिल सकती है।

जनजागरूकता से आगे बढे ‘जल संचय-जन भागीदारी 2.0’ अभियान
डीसी ने कहा कि सभी विभाग जन जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा  दें तथा अधिक से अधिक लोगों को ‘जल संचय-जन भागीदारी 2.0’ अभियान से जोड़कर जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जल संरक्षण आज की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। इसलिए हर नागरिक और प्रत्येक विभाग को इस अभियान में पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देना चाहिए।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।