×
Chaupal Tv
Haryana

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विद्यालय प्रबंधन समितियों से किया सीधा संवाद*

*झज्जर, 19 जुलाई।*
निकटवर्ती गांव हसनपुर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर की विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्यों से संवाद करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी बनाने का आह्वान किया। इस वर्चुअल कार्यक्रम में हसनपुर स्कूल प्रबंधन समिति भी जुड़ी। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्कूल एक्रीडेशन हरियाणा कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय प्रबंधन समितियां स्कूलों के समग्र विकास और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने “बेहतर शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य, समावेशी एवं गुणात्मक शिक्षा, हर बच्चे की प्रगति हमारा संकल्प” के मूल मंत्र के साथ अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी, विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा और विद्यालयों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया।
*राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा विद्यालयों का पारदर्शी मूल्यांकन*
कार्यक्रम के उपरांत सीएमजीजीए खुशी कौशल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया गया स्कूल एक्रीडेशन हरियाणा (SACH) कार्यक्रम राष्ट्रीय मानकों के आधार पर विद्यालयों का पारदर्शी मूल्यांकन करेगा। इससे विद्यालयों की गुणवत्ता, शिक्षण व्यवस्था, नेतृत्व, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा सामुदायिक सहभागिता का समग्र आकलन संभव होगा।
*विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, बुनियादी सुविधाओं पर फोकस रखें एसएमसी*
डीईओ रतिंद्र सिंह ने कहा कि स्कूल एक्रीडेशन हरियाणा कार्यक्रम विद्यालयों में आत्म-मूल्यांकन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा देकर उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण तैयार करेगा। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना तथा शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, बुनियादी सुविधाओं और सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
*संवाद कार्यक्रम में यह अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद*
इस अवसर पर डीपीसी अनिल शर्मा, डीआईईटी प्राचार्य अनिल श्योराण, बीईओ सुनीता, विद्यालय प्राचार्य सुनील दत्त, प्रवक्ता संजय शर्मा,एसएमसी प्रधान प्रवीण जांगड़ा, सरपंच बलवान सिंह सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।