×
Chaupal Tv
Haryana

  उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में समाधान प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित

हिसार, 19 जनवरी।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समाधान प्रकोष्ठ की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर के माध्यम से अब तक कुल 6364 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 4150 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि 1757 शिकायतें विभागों द्वारा अस्वीकृत की गई हैं। इसके अलावा 261 शिकायतें अभी लंबित हैं तथा 194 मामलों को री-ओपन किया गया है।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक मामले में गंभीरता के साथ ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान किया जा चुका है, उनमें संबंधित शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। बैठक में एसीयूटी विवेक यादव, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।