सिरसा, 17 जून। 19 जून शुक्रवार को ग्रीवेंस कमेटी की बैठक लेने के लिए सिरसा पहुंच रहे मुख्यमंत्री को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने शहर की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि वे केवल बैठक तक सीमित न रहें, बल्कि शहर का दौरा कर आम जनता की समस्याओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का भी जायजा लें। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विकास के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के बावजूद शहर की अधिकांश सड़कें टूटी हुई हैं और लोग बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भेजी जा रहा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि शहर में बार-बार सड़कों को उखाड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। कभी जनस्वास्थ्य विभाग पाइपलाइन बिछाने के नाम पर नई बनी सड़कों को तोड़ देता है, तो कभी नगर परिषद नई बनी सड़कों को कुछ समय बाद दोबारा उखाड़ देती है। सरकारी धन की बंदरबांट करने के लिए यह खेल खेला जाता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि हिसारिया बाजार, सदर बाजार, रोड़ी बाजार, भादरा बाजार, सर्कुलर रोड, रोड़ी गेट, शिव चौक, अनाज मंडी रोड, बंद गेट, रानियां रोड, घंटाघर चौक, नोहरिया बाजार, जनता भवन रोड, अग्रसेन कॉलोनी, कंगनपुर रोड, हिसार रोड, मेला ग्राउंड, बेगू रोड, चतरगढपट्टी सहित शहर की तमाम मुख्य सड़को की हालत बेहद खराब है। इन सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि अधिकांश सड़कें जगह-जगह से टूटी हुई हैं और लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।
शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अब पैचवर्क के नाम पर लाखों रुपए खुर्दबुर्द किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विकास कार्य सही तरीके से किए गए होते तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। राजकुमार शर्मा ने कहा कि बरसाती नालों की सफाई के नाम पर हर वर्ष लाखों रुपये भ्रष्ट अधिकारी डकार जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में शहर टापू में तब्दील हो जाता है। शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे अधिकारियों की रिपोर्ट पर भरोसा करने के बजाय स्वयं शहर का निरीक्षण करें। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री शहर की गलियों, बाजारों और मुख्य मार्गों का दौरा करेंगे तो उन्हें विकास की वास्तविक तस्वीर देखने को मिल जाएगी और जनता की समस्याओं का सही आकलन हो सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करेंगे और शहर की बदहाल व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के साथ भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।









