सिरसा, 17 जून।
स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 व विशेष अभियान के तहत नगर परिषद सिरसा द्वारा बुधवार को शहर में स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप ने राजकीय कन्या महाविद्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न बाजारों से होकर नेहरू पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता अपनाने, कचरा पृथक्करण करने तथा स्वच्छ सिरसा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
रैली के शुभारंभ से पहले जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल ने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि एसडब्ल्यूएम 2026 के अनुसार “मेरा वेस्ट-मेरी जिम्मेदारी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह जागरूकता रैली निकाली गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर एवं प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से निपटान करे। इसके लिए गीले, सूखे तथा मेडिकल वेस्ट को अलग-अलग रखना और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उसका निष्पादन करना आवश्यक है।
जिला नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति कचरा पृथक्करण की आदत अपनाए तो शहर को स्वच्छ बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी।
वहीं, कार्यक्रम में विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत आयोजित साइकिल रैली का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। यदि हमें स्वस्थ जीवन जीना है तो स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। अस्वच्छता अनेक बीमारियों का प्रमुख कारण बनती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में सहयोग करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान केएल थिएटर की टीम द्वारा स्वच्छता एवं नशामुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने पॉलीथिन के दुष्प्रभावों, कचरे से फैलने वाली बीमारियों तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस मौके पर पार्षद सुमन शर्मा, सुरेश पंवार, वरिष्ठ नागरिक लालचंद गोदारा, समाजसेवी अमित सोनी, रणजीत टक्कर सहित बड़ी संख्या में आमजन, सफाई कर्मचारी एवं स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।
कचरा पृथक्करण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए शहर में निकाली गई साइकिल जागरूकता रैली









