×
Chaupal Tv
Haryana

“संगठित समाज ही राष्ट्र को वैभव तक पहुंचा सकता है : प्रो. सीताराम व्यास”

हिसार, 16 जून।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) 2026 का भव्य समापन समारोह सोमवार सायं सेक्टर-16 एवं 17 स्थित इंडस पब्लिक स्कूल, हिसार में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षाविदों, उद्योगपतियों तथा समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तियों ने सहभागिता की।

समारोह की मुख्य अतिथि स्वर्ण पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर नूपुर श्योराण रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में ऑटोऑप्टिमस इनोवेशंस, हिसार के निदेशक सिद्धार्थ गोयल तथा अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर नेहा पिलानिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. सीताराम व्यास (उत्तर क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य) ने स्वयंसेवकों एवं उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्र जीवन के विविध आयामों पर विस्तार से विचार रखे।

कार्यक्रम में हरियाणा प्रांत के विभिन्न जिलों से आए 161 विद्यार्थियों ने वर्ग के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत शारीरिक कार्यक्रम, योग, व्यायाम, दंड संचालन एवं सामूहिक प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमुदाय को प्रभावित किया और संघ की अनुशासित कार्यपद्धति की प्रभावी झलक प्रस्तुत की।

अपने उद्बोधन में मुख्य वक्ता प्रो. सीताराम व्यास ने कहा कि भारत केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्र चेतना का केंद्र है। उन्होंने कहा कि संघ का कार्य राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए समाज को संगठित करना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्र निर्माण का आधार सशक्त एवं संगठित समाज है और इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले एक शताब्दी से निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त विघटनकारी प्रवृत्तियों को दूर कर हिंदू समाज को संगठित करने का कार्य प्रारंभ किया। संघ स्थापना के समय डॉ. हेडगेवार ने तीन प्रमुख उद्देश्यों—संगठन निर्माण, व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र को अग्रणी बनाने—को सामने रखा था, जिन पर संघ आज भी सतत कार्य कर रहा है।

प्रो. व्यास ने कहा कि संघ की विचारधारा सुख, शांति, समृद्धि और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में कार्य करती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1925 से प्रारंभ हुआ यह संगठन आज देश-विदेश में सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य किसी के विरोध में नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए है।

कार्यक्रम में संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी रामावतार, वर्ग कार्यवाह त्रिलोक चंद, प्रांत विद्यार्थी कार्य प्रमुख शशि, प्रांत कार्यवाह प्रताप जी, विभाग संघचालक पवन कुमार,जिला संघचालक भूपेंद्र कुमार, जिला सह संघचालक मोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे ।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।