हिसार, 16 जून।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक का आयोजन किया गया।
वीसी में दिए गए दिशा निर्देशानुसार उपायुक्त ने जिले में चल रहे एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं भरवाने की प्रगति, बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे फील्ड वेरिफिकेशन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम किसी कारणवश सूची से छूटने न पाए। इसके लिए फील्ड स्तर पर कार्यरत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सटीकता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरश: पालना सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उपायुक्त ने एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं संग्रहण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाताओं तक फॉर्म समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाया जाए तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए। बैठक में बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी भूमिका मतदाता सूची की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी बीएलओ को निर्धारित प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों तथा तकनीकी पहलुओं की समुचित जानकारी प्रदान की जाए। बैठक के दौरान उपायुक्त महेंद्र पाल ने नगराधीश को निर्देश दिए कि जो अधिकारी अपनी ड्यूटी में कोताही बरतता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लाना सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष सावधानी बरती जाए। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने तथा फील्ड स्तर पर कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, एसडीएम बरवाला अश्विर नैन, सीटीएम रोहित कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, निर्वाचन तहसीलदार जगदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









