सिरसा, 16 जून।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 20 जून तक जिला में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सघन पशुधन विकास परियोजना के उपनिदेशक डा. सुखविंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के तहत गांव मीरपुर, सादेवाला, बाहिया, मीठी सुरेरां, मिर्जापुर, राजपुरा साहनी, लुदेसर, फतेहपुर नियामत खान, बुढ़ाभाना, गदराना, लकड़ावाली, खतरावा तथा जोतावाली में पशुपालकों को विभाग की नवीनतम उपलब्धियों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पशु चिकित्सकों एवं विभागीय अधिकारियों ने पशुओं के उचित रख-रखाव, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पशुओं को विभिन्न संक्रामक रोगों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण करवाने और विभागीय सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान पशुपालकों को पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र से संबंधित नवीन तकनीकों, सरकारी सहायता योजनाओं तथा पशु स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। उपस्थित पशुपालकों ने विभागीय अधिकारियों से पशुपालन संबंधी विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करवाया।









