झज्जर, 14 जून
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झज्जर जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सजग है। डीसी वर्षा खांगवाल ने इस संदर्भ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए.श्रीनिवास को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। डीसी ने बताया कि झज्जर जिला में अभियान के सफल आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक इस मुहिम में आमजन की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
डीसी ने बताया कि बीएलओ को घर घर दस्तक देने के लिए पूरी जानकारी दे दी गई है और लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंस में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीटीएम रितू व निर्वाचन नायब तहसीलदार कुलदीप सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।









