रोहतक, 13 जून। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वन मंडल रोहतक द्वारा व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत रोहतक, महम तथा गांव मकड़ौली में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रोहतक में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य एवं विशिष्ट नागरिक पदम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के प्रत्येक खुशी के अवसर जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पारिवारिक उत्सव अथवा अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी उतना ही आवश्यक है।
वन विभाग की ओर से रोहतक रेंज इंचार्ज सुभाष कालरा, प्रवेश, नीलम, सुखविंदर तथा निशांत सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन मंडल अधिकारी सुभाष कालरा ने कहा कि जिला में हरित आवरण बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से भविष्य में भी इसी प्रकार के पौधारोपण अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर एक पौधा लगाएंगे, उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में हरियाणा कर्मचारी संघ के सेवानिवृत प्रधान वीरेंद्र सिंह, संजय मलिक जिला संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि रोहतक, शिवजी संस्थापक जन कल्याण पौधारोपण धर्मार्थ ट्रस्ट, काला मायना एनजीओ प्रमुख, डॉ. प्रमोद शहर प्रांत शिक्षण संस्थान प्रमुख, मंजीत नंदन, राजवीर दहिया, डॉ. सोनू बीगोवा, मेहताब, प्रवेश मुंगान, सहदेव हुड्डा, सुरेश दलाल, सुरेश मलिक, सुरेंद्र दलाल, प्रेम, भगत सिंह, मुकेश, रोहित, आदेश तथा राजेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वन मंडल रोहतक द्वारा तीन स्थानों पर पौधारोपण अभियान आयोजित









