हिसार, 11 जून।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वीरवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में समाधान शिविर आयोजित किया गया।
समाधान शिविर में सैनिक विहार कॉलोनी की आंतरिक सडक़ों को ऊंचा तथा समतल बनवाने की मांग पर उपायुक्त ने नगर निगम विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। आर्य नगर निवासी हैपी द्वारा जोहड़ सफाई, अतिक्रमण हटवाने एवं पार्क निर्माण संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ऋषि नगर निवासियों के गलियों में अवैध निर्माण हटवाने की शिकायत को रखा जिस पर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही करने को कहा। आजाद नगर निवासी सोमवीर सिंह द्वारा घर के पास पिछले कुछ दिनों से खड़ी कूड़े की ट्राली को हटवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सूर्य नगर निवासी एक प्रार्थी द्वारा सीवरेज लाइन तथा पीने के पानी की लाइन ठीक करवाने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को इस मामले पर नागरिकों के समक्ष आ रही समस्या को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसीयूटी विवेक यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल व डीडीपीओ नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









