×
Chaupal Tv
Haryana

योग युक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका : डीसी

झज्जर, 11 जून।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम परिसर में सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय योगाभ्यास प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन डीसी वर्षा खांगवाल ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। योग व्यक्ति को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा  में “योग युक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा” अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवाओं एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
*वरिष्ठ नागरिकों को योग गतिविधियों से जोड़ने के लिए चल रही विशेष जागरूकता गतिविधियां*
डीसी ने कहा कि इस वर्ष केंद्र सरकार द्वारा 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ नागरिकों को भी योग गतिविधियों से जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बढ़ती आयु में भी वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय रह सकें। उन्होंने कहा कि योग जीवन के प्रत्येक आयु वर्ग के लिए लाभकारी है और इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीसी ने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव और मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में योग तनाव प्रबंधन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता बढ़ती है, मन एकाग्र रहता है तथा व्यक्ति सकारात्मक सोच के साथ अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर सकता है।
*तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा “वाई-ब्रेक” की सराहनीय पहल*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि कर्मचारियों को कार्यस्थल पर स्वस्थ एवं तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा “वाई-ब्रेक” पहल शुरू की गई है। इसके तहत कार्यालयों में कर्मचारियों को उनकी सीट पर ही प्रतिदिन पांच मिनट का योगाभ्यास कराया जाता है। इस पहल से कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर हो रहा है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से इस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने और अधिकाधिक कर्मचारियों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
*स्वयं नियमित योग करें अधिकारी-कर्मचारी, अपने परिवार, मित्रों को भी योग के प्रति करें जागरूक*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ने का सुअवसर है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नियमित योग करें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का विस्तार से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन के लिए तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।