×
Chaupal Tv
Haryana

डीसी साहिल गुप्ता ने ईंधन बचत को जन आंदोलन बनाने का किया आह्वान

भिवानी, 09 जून। डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जिला के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों व नागरिकों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में ईंधन संरक्षण से जुड़े सरल उपाय अपनाकर राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

डीसी श्री गुप्ता ने कहा कि सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित आवागमन के लिए जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इसके अलावा कार पूलिंग और राइड शेयरिंग को बढ़ावा देकर ईंधन की खपत कम की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कम दूरी के लिए पैदल चलने और साइकिल के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिससे स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ ईंधन की बचत भी होगी।

साहिल गुप्ता ने कहा कि अनावश्यक यात्राओं से बचें तथा दैनिक जीवन के विभिन्न कार्यों को एक ही यात्रा में पूरा करने की योजना बनाएं। वाहनों को बिना आवश्यकता लंबे समय तक स्टार्ट न रखें तथा ईंधन दक्ष और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि नई वाहन खरीद के समय इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। इसके साथ ही सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा देना चाहिए।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठकों के लिए अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का उपयोग करें ताकि अनावश्यक यात्रा कम हो और ईंधन की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े परिणाम देते हैं और ऊर्जा संरक्षण के राष्ट्रीय मिशन को मजबूती प्रदान करते हैं।
डीसी ने जिला के सभी विभागों से ईंधन संरक्षण संबंधी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत न केवल आर्थिक रूप से लाभदायक है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढिय़ों के हित में भी महत्वपूर्ण कदम है।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।