हिसार, 07 जून।
आयुष विभाग हरियाणा एवं हरियाणा योग आयोग के तत्वावधान में स्थानीय चौधरी ताऊ देवी लाल टाउन पार्क, हिसार में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “हर घर योग, हर दिन योग” तथा “योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा” के संकल्प के साथ किया गया, जिसमें हजारों नागरिकों एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने कहा कि योग समाज को नशामुक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है।
समारोह में नलवा के विधायक रणधीर पनिहार, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, पूर्व मंत्री अनुप धानक, मेयर प्रवीण पोपली तथा हरियाणा योग आयोग के सदस्य नरेश पुनिया सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और योगाभ्यास किया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. धर्मपाल पुनिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रातः 7 बजे से 7:45 बजे तक निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं हजारों नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने सभी का कार्यक्रम को सफ़ल बनाने के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में नोडल विभाग के रूप में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी आंचल भास्कर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डीईओ रामरतन, डीएसओ नरेश सैनी, अजय कांत जांगड़ा, नरेश नैन, अभिषेक शर्मा, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।









