×
Chaupal Tv
Haryana

जिला स्तरीय योग कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सक्रिय, विभिन्न स्थानों पर चल रहे जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान

झज्जर, 05 जून। जिलाभर में  उपायुक्त वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में योग दिवस की तैयारियां तेज गति से जारी हैं। आयुष विभाग झज्जर द्वारा हरियाणा योग आयोग, पतंजलि योग समिति, योग भारती, शिक्षा विभाग तथा खेल विभाग के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, योगशालाओं, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामान्य योग प्रोटोकॉल के अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संगीता ने बताया कि योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा निरंतर जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसके तहत प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं और नागरिकों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज झज्जर तथा चौधरी रणबीर सिंह राजकीय तकनीकी संस्थान दुलीना में विद्यार्थियों को सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। इससे पूर्व राजकीय पीजी महाविद्यालय दूबलधन, आईटीआई गुढ़ा, पीएचसी जहांगीरपुर सहित अन्य संस्थानों में भी योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
वरिष्ठ नागरिकों को भी कराया जा रहा नियमित योगाभ्यास
उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के साथ योग” के अनुरूप वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए ओल्ड एज होम बहादुरगढ़, सीनियर सिटीजन क्लब बहादुरगढ़ तथा सीनियर सिटीजन क्लब झज्जर में नियमित योग कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर रहे हैं।
इसके अलावा ब्रह्मचारी सुभाष आर्य बाबरा रोड पार्क, मंगली राम पार्क, शहीदी पार्क सहित अन्य स्थानों पर पतंजलि योग समिति द्वारा प्रतिदिन योग प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर हरित योग कार्यक्रम के तहत हुआ पौधारोपण
आयुष अधिकारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में हरित योग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न योगशालाओं एवं आयुष संस्थानों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने बताया कि  योग और पर्यावरण दोनों स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं तथा इनके प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
जिला की सभी आईटीआई में विद्यार्थियों का प्रशिक्षण शिविर जारी
प्रधानाचार्य जीतपाल ने बताया कि जिला झज्जर की सभी आईटीआई संस्थानों में 8 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण शिविर एवं सामूहिक योग कार्यक्रम की तैयारियों के तहत विद्यार्थियों का विशेष प्रशिक्षण जारी है। शुक्रवार को प्रशिक्षण का दूसरा दिन रहा और यह अभियान 7 जून तक चलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है ताकि वे जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रभावी भागीदारी निभा सकें।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।