चण्डीगढ़, 4 जून – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समारोह में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा हरित विकास से संबंधित विभिन्न पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल बायोरिमेडिएशन पायलट परियोजना का उद्घाटन करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी नई पहल का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष विष्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित-जलवायु के लिए-हमारे भविष्य के लिए” निर्धारित की गई है। यह थीम जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देने तथा सतत विकास को प्रोत्साहित करने का संदेश देती है।
हरियाणा सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं और अभियानों को धरातल पर क्रियान्वित किया जा रहा है। वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह लगातार प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने, स्वच्छता अपनाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आह्वान कर रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक सामाजिक अभियान का रूप देना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।









