भिवानी, 03 जून। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार प्राधिकरण के सीजेएम-कम-सचिव सीजेएम पवन कुमार ने बुधवार को स्थानीय जिला कारागार और सेफ हाउस का औचक निरीक्षण किया।
जिला कारागार निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने कैदियों-हवालातियों को उनके केसों में आ रही मुश्किलों को सुना व समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी दी। उन्होंने जेल की बैरकों व जेल में स्थापित कानूनी सहायता क्लीनिक और जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर जेल के किचन का भी दौरा किया और तैयार हो रहे भोजन का भी निरीक्षण किया। जेल अधिकारियों को खाना पकाने में साफ-सफाई का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।
वहीं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम सीजेएम पवन कुमार ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित सेफ हाउस का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां पर भी साफ-सफाई, रहन-सहन, पीने के पानी की व्यवस्था, भोजनालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेफ हाउस के युगल जोड़ों को प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली सेवा के बारे में विस्तार से बताया। सीजेएम ने सेफ हाउस के इंचार्ज को यहां आने वालो की स्वास्थ्य जांच व पौष्टिक भोजन देने और इनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के आदेश दिए। इस अवसर पर जेल और सेफ हाउस स्टाफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।









