×
Chaupal Tv
Haryana

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से की मतदाता सूचियों के गहन पुनर्निरीक्षण में सहयोग की अपील

भिवानी, 27 मई।   डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय में मतदाता सूचियों के गहन पुनर्निरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियों के गहन पुनर्निरीक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उनसे सहयोग की अपील की गई।
निर्वाचन कार्यालय से अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि पुनर्निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य साफ, पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई मतदाता कहीं दूसरी जगह शिफ्ट या माइग्रेट तो नहीं हो गया, किसी मतदाता की मृत्यु तो नहीं हो चुकी, अथवा किसी व्यक्ति ने एक से अधिक स्थानों पर वोट तो नहीं बनवा रखे हैं। अभियान के माध्यम से अपात्र और डुप्लीकेट नामों की पहचान कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जाएगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि पुनरीक्षण के लिए पात्रता तिथि 01 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। पुनरीक्षण अभियान की तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य 5 जून से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सर्वे अभियान चलाया जाएगा, जबकि मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निपटान 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अपने-अपने दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए)-1 एवं बीएलए-2 नियुक्त कर उनके प्रपत्र शीघ्र निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए गए। इसके  साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे मतदाता सूचियों के गहन पुनर्निरीक्षण कार्य में अपना पूरा सहयोग करें ताकि मतदाता सूचियों में कोई त्रुटी ना रहे। बैठक में जननायक जनता पार्टी से जितेंद्र शर्मा, भारतीय जनता पार्टी से दिनेश वर्मा व रमेश लालावास तथा तथा इंडियन नेशनल लोकदल से सुनील स्वामी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।